लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सामाजिक संगठन दलित युवा मोर्चा के अध्यक्ष जगपति राम ने कहा कि पथिक नहीं, पथ महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि समाज में जागरूकता और एकजुटता ही दलित, शोषित और गरीब वर्ग के सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम बन सकता है।
जगपति राम ने लालगंज क्षेत्र के अकबालपुर, घोड़सहना, हालेपुर, बड़नपुर, बहादुरपुर, बड़ेगांव, माधोपुर धरांग, गोगही चिरकिहिट, दुलही का पूरा तथा लालगंज में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से अपील की कि हर घर में भारतीय संविधान की किताब रखी जाए और उसका नियमित अध्ययन किया जाए। संविधान को समझे बिना व्यक्ति अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि समाज की तमाम समस्याओं को दरकिनार कर दलित समाज को संविधान के प्रति सजग होकर एकजुटता का संकल्प लेना होगा।
उन्होंने कहा अमर शहीदों के विचार और कर्म हमें प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि अज्ञानता सबसे बड़ा अंधकार है और शिक्षा ही उसकी रोशनी है। “शिक्षा शेरनी का वह दूध है, जो जितना पिएगा उतना दहाड़ेगा।” उन्होंने कहा कि आज का युवा प्रतिभाशाली है, लेकिन उसे अपनी शक्ति और सामर्थ्य की पहचान करने की आवश्यकता है। क्षेत्र के कई युवाओं ने भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भगवान दास, राम अवतार, सुरेंद्र चौहान समेत कई लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद