लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। दलित युवा मोर्चा के अध्यक्ष जगपति राम ने कहा कि जब तक लोग संविधान को नहीं समझेंगे, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिल सकता।
उन्होंने लालगंज तहसील क्षेत्र के गोसाई की बाजार, असाउर टीकर, गड़हा, सिद्धीपुर, रोहुआपार, गोमाडीह और श्रीरामगंज सहित कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने दलितों और गरीबों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके मिशन को आगे बढ़ाते हुए दलित युवा मोर्चा भी समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्षरत है।
जगपति राम ने कहा कि आजादी के 75 वर्षों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी दलित वर्ग वह स्थान हासिल नहीं कर सका, जिसका वह हकदार है। इसकी मुख्य वजह समाज में एकजुटता की कमी है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संविधान एक ऐसा सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए अपने अधिकारों को प्राप्त किया जा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि लोग शिक्षित हों और जागरूक बनें। उन्होंने लोगों से संगठित होने का संकल्प लेने और अपने तथा आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए प्रयास करने की अपील की।
इस मौके पर राम श्रृंगार, रविंद्र गौतम, सुरेंद्र कुमार गौतम, भगवान दास, सुरेंद्र कुमार चौहान आदि मौजूद रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद