शेफ संजीव कपूर ने भी शेयर की फोटो, बोले- चिकन टिक्का ठंडा
नई दिल्ली। एअर इंडिया अपनी फ्लाइट में सर्व किए जा रहे खाने को लेकर लगातार शिकायतों में घिर रही है। एक ही दिन में दो रूट्स पर उड़ान भरने वाली दो फ्लाइट्स में खाने को लेकर पैसेंजर्स ने शिकायत की। इनमें एक मशहूर शेफ संजीव कपूर हैं। एक पैसेंजर को बिजनेस क्लास के खाने में कीड़ा मिला। संजीव कपूर ने खाने की फोटो पोस्ट करके पूछा क्या ये खाना हम भारतीयों को नाश्ते में खाना चाहिए? दोनों ट्वीट्स वायरल हो रहे हैं और कमेंट्स में दूसरे पैसेंजर्स भी खराब या अनहाइजीनिक खाने को लेकर अपने अनुभव शेयर कर रहे हैं।
उसके लिए हम क्षमा मांगते हैं: एअर इंडिया
पहली घटना मुंबई से चेन्नई जाने वाली फ्लाइट नंबर AI671 में हुई। पैसेंजर महावीर जैन ने रात 10.18 पर खाने का वीडियो पोस्ट किया जिसमें एक कीड़ा प्लेट में चलता दिखाई दे रहा था। महावीर जैन ने अपनी फ्लाइट और सीट नंबर लिखकर बताया कि ऐसा लगता है कि हाइजीन का खयाल नहीं रखा गया है। एअर इंडिया ने उनके ट्वीट का जवाब देते हुए कहा कि डियर मिस्टर जैन, फ्लाइट में आपका अनुभव खराब रहा उसके लिए हम क्षमा मांगते हैं। हम खाना परोसने की प्रक्रिया के हर कदम पर हाइजीन का खयाल रखते हैं। हम ये मामला अपनी केटरिंग टीम के साथ शेयर करेंगे, ताकि तुरंत गलती का रिव्यू करके कार्रवाई की जा सके।

बोले संजीव कपूर
संजीव कपूर ने 26 फरवरी को रात 8.54 पर ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, ‘जागो एअर इंडिया’ नागपुर से मुंबई की फ्लाइट 0740 में मुझे ठंडा चिकन टिक्का तरबूज, खीरा, टमाटर और सेव के साथ सर्व किया गया। साथ में सैंडविच थी, जिसमें पत्तागोभी और मेयोनीज की फिलिंग ना के बराबर थी। इसके साथ चाशनी में डूबा एक स्पंज का टुकड़ा था, जिस पर क्रीम और यलो टॉपिंग है। उन्होंने अपनी प्लेट की फोटो पोस्ट करके पूछा कि क्या भारतीय ऐसा नाश्ता करते हैं? संजीव कपूर के ट्वीट के जवाब में एअर इंडिया ने कहा कि हम लगातार अपनी सेवाओं में इजाफा कर रहे हैं और कल (27 फरवरी) से इस सेक्टर में हमारे पार्टनर ताज संस एंड ऐंबैस्डर केटरिंग करेंगे। भरोसा रखिए आने वाले समय में फ्लाइट में परोसे गए खाने का अनुभव अच्छा रहेगा।
पैसेंजर भी बोले
एक पैसेंजर ने लिखा- मुझे बेंगलुरु- मुंबई फ्लाइट पर ठंडी सैंडविच सर्व की गई। वो भी प्लेट में नहीं दी गई। उस पर ये कि लैंडिंग के बाद फ्लाइट को 20 मिनट तक रोका था, क्योंकि पैसेंजर्स को टर्मिनल्स तक ले जाने के लिए कोई ग्राउंड बस मौजूद नहीं थी। एक पैसेंजर ने बताया कि लंदन से आते वक्त एअर इंडिया की सर्विस बहुत खराब थी। फ्लाइट में लगी एंटरटेनमेंट स्क्रीन्स काम नहीं कर रही थीं। मेरे लगेज को भी बुरी तरह हैंडल किया गया। इसकी वजह से मेरा सूटकेस टूट गया। एक अन्य पैसजेंर ने खाने की फोटो पोस्ट करके संजीव कपूर से कहा कि आपको तो फिर भी बेहतर खाना मिला। वो डोमेस्टिक फ्लाइट का खाना था। ये देखिए कि अमेरिका के JFK से दिल्ली तक की फ्लाइट में मुझे क्या परोसा गया। पहली तस्वीर सड़ी हुई मछली की है। दूसरी फोटो में बिरयानी के साथ दाल है। पता नहीं इनके कुक किस स्कूल से पढ़कर निकले हैं। मेरी शिकायतों पर भी उन्होंने बेहद हल्का रिस्पॉन्स दिया था। यहां कुछ नहीं बदलने वाला।