क्रिकेट संचालन निदेशक जहीर खान ने बताया कि सूर्यकुमार रिटेन किए गए खिलाड़ी हैं
नई दिल्ली (सृष्टि मीडिया)। आईपीएल के अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के हाथों हार झेलनी वाली मुम्बई इंडियंस के फैंस के लिए अच्छी खबर सामने आई है। टीम के स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव अब फिट हैं। मुम्बई इंडियंस के क्रिकेट संचालन निदेशक जहीर खान ने कहा कि सूर्यकुमार यादव रिटेन किए गए खिलाड़ी हैं और इस टीम के प्रमुख सदस्य रहे हैं और हम सभी उनके मैदान में उतरने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अगले गेम के लिए उसकी उपलब्धता को लेकर उन्होंने कहा कि हाँ वह है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के दौरान हो गए थे चोटिल
बतादें, सूर्यकुमार यादव लगातार अपने अच्छे प्रदर्शन के कारण मुम्बई इंडियंस के कोर का एक महत्वपूर्ण सदस्य रहे हैं। जब से उन्हें 2018 की मेगा नीलामी में खरीदा गया था, तब से ही उन्होंने हर सीजन में 300 से अधिक रन बनाए हैं, 400 से ज्यादा दो बार और एक बार 500 रन बनाए हैं। वह नम्बर एक से नम्बर छह तक सभी स्थानों पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने नम्बर तीन पर अपना स्थान पक्का कर लिया है और मुम्बई इंडियंस के लिए नम्बर तीन पर 1,000 से अधिक रन बनाए हैं। सूर्यकुमार को वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के दौरान चोट लग गई थी। इसके बाद वह बैंगलोर में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैबिलिटेशन कर रहे थे।
टीम के लिए होगा फायदेमंद
जहीर ने बताया कि इस तरह का लचीलापन किसी भी टीम के लिए हमेशा फायदेमंद होता है। रणनीतिक रूप से, आपको वह लाभ होगा और हम इसे भी देख रहे हैं। इसलिए एक सम्भावना है, या हम जिस स्थिति में खेल रहे हैं और जिस स्थिति में खेलेंगे उसके आधार पर हम उस तरह के विकल्पों का चयन कर सकते हैं। लेकिन इस समय, जो कुछ भी हमारे लिए काम कर रहा है। हम उस पर टिके हैं। ईशान किशन भी पूरी तरह से फिट हैं और शुरुआती गेम में अपने पैर के अँगूठे पर लगी चोट से अच्छी तरह उबर चुके हैं।