आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मेंहनगर थाना क्षेत्र की पांच वर्षीय मासूम से दरिंदगी करने वाले देवइत गांव निवासी आरोपी जावेद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रविवार रात थाना प्रभारी अनुराग कुमार अपनी टीम के साथ देवरिया राजधरपुर गांव के पास आरोपी की घेराबंदी कर रहे थे, तभी भागने की कोशिश कर रहे जावेद ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई। उसे घायल अवस्था में तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। उधर, पांच वर्षीय मासूम के साथ हुई अमानवीय घटना के बाद से ही क्षेत्र में भारी आक्रोश था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दी। रविवार रात को मिली सफलता से स्थानीय लोगों में थोड़ी राहत जरूर है।
एसपी सिटी मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में आरोपी घायल हुआ है। उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
रिपोर्ट-सुबास लाल