लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव निवासी सूरजभान यादव (22) पुत्र श्याम नारायण यादव की इलाज के दौरान गुरुवार की सुबह लगभग 6 बजे वाराणसी में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शाम को शव गांव पहुंचा, जहां परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों का बुरा हाल रहा।
सूरजभान यादव 23 फरवरी की रात अपने रिश्तेदार प्रदीप यादव पुत्र दशरथ यादव निवासी खानपुर थाना सरायमीर के साथ किसी आवश्यक कार्य से बिंद्रा बाजार गया था। रात करीब 9 बजे जब वह वापस लौट रहा था, तभी बिंद्रा बाजार थाने के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में सूरजभान गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि प्रदीप यादव को हल्की चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। मृतक दो भाइयों और एक बहन में तीसरे नंबर पर था। बड़े भाई पवन यादव की 24 फरवरी को बरात जानी थी, लेकिन छोटे भाई के गंभीर रूप से घायल होने के कारण शादी की खुशियां मातम में बदल गई थीं। तय तिथि पर परिवार के कुछ लोगों ने औपचारिक रूप से आंवक स्थित मंदिर में शादी की रस्म अदा की थी। मौत की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। गंभीरपुर थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद