बिलरियागंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कृषि विज्ञान केन्द्र कोटवा पर संचालित इन सीटू फसल अवशेष परियोजना अन्तर्गत फसल अवशेष प्रबंधन पर जागरूकता के लिये मोबिलाइजेशन आफ स्कूल स्टूडेंट्स कार्यक्रम मंगलवार को जय समाज पूर्व माध्यमिक विद्यालय, शेरपुर महवी, विकास खंड महाराजगंज में किया गया।
केवीके के प्रभारी अधिकारी व कृषि महाविद्यालय कोटवा के सह अधिष्ठाता प्रोफेसर डीके सिंह ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अधीन संचालित अटारी लुधियाना एवं कानपुर के दिशा निर्देश में वृहद स्तर पर जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों में भी फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में जनपद के किसानों को जागरूक किया जा रहा है।
परियोजना के मुख्य अन्वेषक व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ.रणधीर नायक ने विद्यालय के छात्र एवं छात्राओं को खेत में फसल न जलाने तथा मशीनों की सहायता से छोटे टुकड़े में काट कर मिट्टी में मिलाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि बाजार में कई प्रकार के डीकंपोजर उपलब्ध हैं, इनके प्रयोग से बहुत कम लागत में किसान अपने खेत में पराली प्रबंधन कर सकते हैं। कार्यक्रम को डॉ.रुद्र प्रताप सिंह, रूपाली सिंह, ने भी संबोधित किया। जागरूकता बढ़ाने के लिए बच्चों के बीच निबंध, नारा लेखन व पेन्टिंग आदि पर एक प्रतियोगिता भी आयोजित की गई जिसमें 100 से अधिक छात्रों ने प्रतिभाग किया। प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चन्द्र शेखर सिंह, हरिवंश द्विवेदी, संतोष कुमार यादव, सतीश चंद्र वर्मा, ताड़केश्वर नाथ मिश्रा, शैलैन्द्र कुमार, उत्तम कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-तारकेश्वर मिश्र