पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के तहत लगभग 50 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 15 वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस द्वारा की गई जांच में कई वाहन बिना नंबर प्लेट के पाए गए, वहीं अनेक दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट और तीन सवारी के वाहन चलाते नजर आए। इसके अलावा वैध कागजात न होने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को रोककर विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें सीज किया। यह अभियान थानाध्यक्ष बिलरियागंज सुनील कुमार दुबे के नेतृत्व में, मय हमराह पुलिस बल के साथ चलाया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह चेकिंग अभियान चलाया गया है, जो आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट-बबलू राय