पेचकस से गोद कर पति ने की पत्नी की नृशंस हत्या

शेयर करे

लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। तरवां थाना के महुआरी मठिया गांव में शुक्रवार की रात घरेलू कलह के चलते पति सुनील यादव ने धारदार हथियार पेचकस से पत्नी सुनीता यादव 35 वर्ष की हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। रात करीब 12 बजे मामला बढ़ने पर आवेश में आकर पति ने पहले जमकर मारा पीटा फिर पेचकस से हमला कर दिया। पेचकस से पत्नी के गले पर वार कर दिया। शरीर पर अन्य हिस्सों पर भी वार किया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घर पर मौजूद तीन बच्चे 16 वर्षीय हर्ष यादव, 14 वर्षीय अंशिका यादव, और 8 वर्षीय प्रिंस यादव सहम गए। शोर होने के बाद भी किसी पड़ोसी ने वहां मौके पर पहुंचने की हिम्मत नहीं जुटाई। घटना की सूचना दंपति के बड़े बच्चे ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। जनपद मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने जांच की। साक्ष्य को इकट्ठा किया गया।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी पति सुनील को हिरासत में ले लिया गया है। जबकि मृतका पत्नी के परिजनों की तहरीर पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी की खरिहानी बाजार में दुकान है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *