सैकड़ो लोगों ने ग्रहण की सुभासपा की सदस्यता

शेयर करे

अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। अन्य राजनीतिक दलों को छोड़कर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। यह कार्यक्रम स्थानीय निरीक्षण भवन में आयोजित किया गया, जहां कैबिनेट मंत्री एवं पंचायती राज विभाग मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान आजमगढ़ जनपद के छपरा सुल्तानपुर निवासी शिवेश सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सुभासपा में शामिल हुए। शिवेश सिंह एक सामाजिक कार्यकर्ता होने के साथ ही महाराणा प्रताप संगठन के सक्रिय सदस्य भी हैं। उनके नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता लेकर संगठन को मजबूती देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शिवेश सिंह ने कहा कि पार्टी द्वारा उन्हें जो भी दायित्व सौंपा जाएगा, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे। कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि निरीक्षण भवन में आज सैकड़ों लोगों का अन्य दलों को छोड़कर पार्टी से जुड़ना यह दर्शाता है कि जनता सुभासपा की नीतियों और विचारधारा पर भरोसा कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल हुए कार्यकर्ताओं को शीघ्र ही नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से आदित्य सिंह पालीवाल, मनीष सिंह, आकाश तिवारी, नवीन पांडेय, नीरज सिंह पालीवाल, अंकुर सिंह, सत्यप्रकाश सिंह, पीयूष सिंह, विजय सिंह प्रधान, विजय यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *