लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। पवित्र रमजान माह के मुकद्दस मौके पर गुरुवार को जामा मस्जिद देवगांव में भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस मौके पर देवगांव तथा आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में रोजेदार और स्थानीय लोग शामिल हुए और सामूहिक रूप से रोजा इफ्तार किया। इफ्तार के दौरान मस्जिद परिसर रोजेदारों से खचाखच भरा रहा और चारों ओर रूहानियत, भाईचारे और आपसी सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
इफ्तार पार्टी में रोजेदारों के लिए खजूर, फल, शरबत समेत विभिन्न प्रकार के व्यंजनों का बेहतरीन इंतजाम किया गया। आयोजन की तैयारी में स्थानीय लोगों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा रोजेदारों की खिदमत में पूरी तत्परता दिखाई। मौजूद लोगों ने कहा कि रमजान का महीना इबादत, रहमत और भाईचारे का पैगाम देता है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता को मजबूती मिलती है। इफ्तार के बाद सामूहिक रूप से मगरिब की नमाज अदा की गई, जिसमें देश की अमन-शांति, तरक्की और कौम की खुशहाली के लिए दुआ मांगी गईं। कार्यक्रम के अंत में लोगों ने इफ्तार के बेहतरीन इंतजाम के लिए आयोजकों की सराहना की।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद