14 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू

शेयर करे

पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में बेटियों को गंभीर बीमारी सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) से बचाने के उद्देश्य से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के सफल संचालन के लिए गुरुवार को जिला स्तरीय अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, अधीक्षकों, बीसीपीएम, एआरओ, एचईओ तथा सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को अभियान से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यशाला के दौरान जेएसआई संस्था के टेक्निकल मैनेजर संदीप श्रीवास्तव ने स्लाइड प्रस्तुति के माध्यम से एचपीवी वैक्सीन के महत्व, उसके लाभ, टीकाकरण की प्रक्रिया तथा सुरक्षा मानकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह टीका भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बेहद प्रभावी माना जाता है और समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार जनपद में 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं के लिए विशेष एचपीवी टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन बालिकाओं का 14वां जन्मदिन पूरा हो चुका है और 15वां जन्मदिन अभी नहीं हुआ है, वे इस अभियान के अंतर्गत टीकाकरण के लिए पात्र होंगी। यह विशेष अभियान तीन माह (90 दिन) तक चलेगा और इस दौरान जनपद के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर यह टीका उपलब्ध रहेगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपद के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य के लिए समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाया जा सके।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *