पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तीन की मौत, चार गंभीर

शेयर करे

मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार को भोर करीब चार बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सठियांव क्षेत्र के पास हुए इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में इको ओमिनी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र के अलीपुर गांव निवासी सात लोग इको कार से काशी की ओर जा रहे थे। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे एक ट्रक में उनकी कार तेज रफ्तार से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची मुबारकपुर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया और एंबुलेंस के माध्यम से जिला मंडलीय चिकित्सालय आजमगढ़ भेजा।
इस हादसे में प्रिंस पुत्र विशेष, विशेष पुत्र ओमवीर तथा एक अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल डोली पत्नी विशेष, अंशिका पुत्री विशेष, कार्तिक पुत्र विशेष और सत्या (कार चालक, पहचान अज्ञात) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद कुछ समय के लिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सामान्य कराया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसरा हुआ है।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *