अतरौलिया आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को थाना परिसर से होमगार्ड जवानों ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस तिरंगा यात्रा को भाजपा के क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्रा ने थाना परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। तिरंगा यात्रा के दौरान होमगार्ड के जवानों के हाथ में झंडा और बैनर था तथा राष्ट्र हित के लिए जन गण मन अधिनायक जय हो, भारत माता की जय, वंदे मातरम के नारे लगाते हुए होम गार्ड के जवानों ने नगर पंचायत का भ्रमण किया। क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्रा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री तथा मुख्यमंत्री के प्रयास से देश लगातार विकास के पथ पर अग्रसर है। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर आज पूरे देश में आजादी का जश्न हर घर तिरंगा अभियान चला कर मनाया जा रहा है। इस मौके पर थानाध्यक्ष रुद्र भान पांडे, उप निरीक्षक, पुलिस कर्मियों के साथ ही समाजसेवी दिनेश मद्धेशिया आदि लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-आशीष निषाद