फूलपुर ब्लाक के 199 स्थानों पर होगा होलिका दहन

शेयर करे

फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। रमजान माह के बीच पड़ रहे होली पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और राजस्व प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। फूलपुर थाना क्षेत्र की 137 ग्राम पंचायतों में कुल 199 स्थानों पर होलिका दहन का किया जाएगा। इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हर स्तर पर निगरानी की जा रही है।
थाना क्षेत्र के गांवों में नियुक्त आरक्षी बीट के सिपाही अपने-अपने क्षेत्र में होलिका दहन स्थलों का चिन्हांकन कर रहे हैं। साथ ही संभावित विवाद या गड़बड़ी की आशंका वाले स्थानों की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांवों के संभ्रांत व्यक्तियों के मोबाइल नंबर नोट किए जा रहे हैं और उन्हें थाना सहित संबंधित अधिकारियों के संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की आशंका होने पर तत्काल सूचना दी जा सके।
थाना प्रभारी सच्चिदानंद ने बताया कि क्षेत्र में पुलिस गश्त तेज कर दी गई है तथा आकस्मिक चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है। गांवों में तैनात चौकीदारों को निरंतर भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए गए हैं। मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए संभावित स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और सरकारी शराब की दुकानों का निरीक्षण भी किया जा रहा है।
होलिका दहन से लेकर होली के दिन तक पुलिस और चौकीदार गांवों में सक्रिय रहेंगे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिस की तैनाती की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस बल एवं पीएसी को प्रमुख चट्टी-चौराहों पर लगाया जाएगा। थाने की दो विशेष टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण करती रहेंगी, जबकि डायल 112 पुलिस भी नियमित गश्त करेगी।
प्रशासन द्वारा ग्रामीणों एवं संभ्रांत नागरिकों से लगातार संपर्क स्थापित किया जा रहा है, ताकि आपसी समन्वय से पर्व को सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कुल मिलाकर, प्रशासन होली और रमजान के अवसर पर आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *