आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में होली का त्यौहार शांतिपूर्ण माहौल में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हो गया। इस दौरान सुबह लोगों ने एक दूसरे को रंगों से सराबोर किया तो वहीं दोपहर बाद अबीर गुलाल लगाकर बधाई दी।
फूलपुर प्रतिनिधि के अनुसार स्थानीय नगर पंचायत के बाबा परमहंस जी मन्दिर परिसर में मोदनवाल समाज कल्याण समिति के अध्यक्ष राजेश मोदनवाल चुटटूर के नेतृत्व मे स्नेह सदभाव होली मिलन का आयोजन किया गया। कुल देवता श्री मोदनसेन महराज के चित्र पर अध्यक्ष राजेश मोदनवाल, अभय सिंह, मनोज गुप्ता पूर्व अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित, माल्यार्पण, कर अबीर गुलाल लगाकर किया गया। देर रात तक सभी ने अबीर गुलाल से एक दूसरे को सराबोर किया। इस अवसर पर देश मित्र, चन्दन मोदनवाल, दशरथ मोदनवाल, विनोद कुमार, मनोज मोदनवाल, निरंजन मोदनवाल, निहाल, राजाराम, प्रियांशु, हिमांशु, धर्मराज, रविशंकर, राजेश, रमेश, राजकुमार, शिव कुमार, विजय गुड्डू, आदि उपस्थित थे।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में होली का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। होली के दिन सुबह से ही बच्चे, युवा और बुजुर्ग रंग और गुलाल लेकर एक-दूसरे के घर पहुंचे। ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते रहे। घरों में तरह-तरह के पकवान जैसे गुझिया, दही-बड़े और ठंडाई आदि बनाई गयी। कई स्थानों पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गये।
इसी क्रम में सिधौना क्षेत्र में बड़े ही धूमधाम से रंगों का त्यौहार होली मनाया गया। सिधौना बाजार में स्थित शिवा शिव मंदिर प्रांगण में लोग भगवान शिव को अबीर गुलाल लगाकर एक दूसरे के ऊपर रंग डालकर बड़े उत्साह से इस त्यौहार को मनाये। छोटे-छोटे बच्चे हाथ में रंगभरी पिचकारी लेकर एक दूसरे के ऊपर रंग फेंकते हुए नजर आए औरतें बूढ़ा नौजवान छोटे-छोटे बच्चे सभी उत्साहित होकर रंग में रंगे दिखे। शाम के समय सिधौना ग्राम सभा में स्थित मां सिद्धेश्वरी जी के मंदिर पर आपस में अबीर गुलाल लगाते हुए दिखे। थाना प्रभारी मेहनाजपुर मनीष पाल अपने हमराहियों के साथ क्षेत्र के चारों तरफ घूमते हुए नजर आए जिससे शांति व्यवस्था बनी रहे।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार सेनपुर स्थित विधायक आवास पर होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक डॉ. संग्राम यादव तथा पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय महासचिव बलराम यादव के पैतृक आवास पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाते हुए होली की शुभकामनाएं दीं। विधायक डॉ. संग्राम यादव ने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे, इंसानियत और मोहब्बत का पर्व है। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और हमें एकता का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में भले ही भाषा, वेशभूषा और रंग-रूप अलग-अलग हों, लेकिन सभी मिलकर भारत की खूबसूरती को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि होली के बाद ईद का त्योहार आएगा, इस समय रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और शीघ्र ही नवरात्र भी प्रारंभ होंगे। ऐसे में सभी धर्मों के प्रति सम्मान और सौहार्द्र की भावना बनाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।