आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में होली धूमधाम से मनायी गयी। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों व फागुनी गीत का आयोजन किया गया। लोगों ने एक दूसरे को रंग अबीर व गुलाल लगाकर होली की बधाईयां दी।
माहुल प्रतिनिधि के अनुसार होली त्योहार पर भाजपा नेताओं ने जहां होली खेलकर एक दूसरे को बधाई देने का कार्य किया, वहीं मुसलमानों के पर्व शबे बारात पर मुस्लिम भाइयों को भी बधाई दिया। होली के दिन सुबह से ही माहुल बाजार में भाजपा के नेताओं ने लोगों के साथ रंग खेला, इसके बाद अबीर लगाकर एक दूसरे को बधाई दी। यही नहीं भाजपा नेताओं ने मुस्लिम बंधुओं को शबे बारात पर भी बधाई देने का कार्य किया। भाजपा नेता व मिष्ठान व्यापारी संजय मोदनवाल ने कहा कि होली का त्यौहार ऐसा है कि दुश्मन भी गले मिलकर सारे शिकवा भूलकर नए सिरे से संबंध बनाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि होली के साथ ही साथ शबे बारात त्यौहार भी सकुशल संपन्न हो गया। इस मौके पर दिलीप सिंह जिला मंत्री, हरिकेश गुप्ता मंडल महामंत्री, संजय मोदनवाल मंडल कोषाध्यक्ष, रानू राजभर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष युवामोर्चा गोरखपुर क्षेत्र, सुजीत जायसवाल अध्यक्ष वैश्य समाज, धरणीधर पांडेय, सैफी अब्बास महगू प्रजापति अजय लाल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
अतरौलिया प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र में चारों तरफ होली की धूम रही। होली के त्यौहार को सकुशल संपन्न कराने के लिए जहां प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा वहीं पूरे क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से होली के त्यौहार को मनाया गया। इस दौरान युवाओं की टोली सुबह से ही कीचड़ वाली होली खेलती नजर आई तो कुछ जगहों पर कपड़ा फाड़ होली को भी पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। आपसी भाईचारे के साथ लोगों ने होली के त्यौहार को मनाया और देर शाम तक अबीर और गुलाल का दौर चलता रहा। होली के हुड़दंग में लोगों ने खूब मस्ती की। जगह जगह फाग फगुआ की धुन पर लोगों ने जमकर डांस किया तो वही युवतियों ने भी अपने-अपने अंदाज में होली के रंग और अबीर लगा कर मनाया। युवा और युवतियो ने इसे अपने सेल्फी का हिस्सा बनाकर यादों में संजोया। सकुशल होली का त्यौहार संपन्न होने पर पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।
रिपोर्ट-श्यामसिंह/आशीष निषाद