लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। देवगांव पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध तमंचे के साथ एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ग्राम पतौरा निवासी तुषार कुमार की बाइक कुछ दिन पहले चोरी हो गई थी। इस मामले में देवगांव थाने में मुकदमा दर्ज हुआ था।
गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे गायत्री मोड़ पर मौजूद पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की बाइक पर एक युवक खैरा-नियमताबाद रोड से लहुवां कलां की तरफ जा रहा है। घेराबंदी कर पुलिस ने उसे दबोच लिया। तलाशी में बाइक के अलावा तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिशू सिंह उर्फ बुलबुल निवासी लहुवां कलां थाना देवगांव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या, छेड़खानी, मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले पहले से दर्ज हैं।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद