पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर घायल

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और गोतस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन व क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में शनिवार सुबह करीब 2.40 बजे थाना अहरौला पुलिस क्षेत्र में गश्त व वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि सहराजा मोड़ से निजामपुर की ओर दो गोतस्कर गोवध की नीयत से जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम तरकूलहा के पास घेराबंदी की। मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। दूसरा बदमाश मौके से फरार हो गया।
घायल अभियुक्त की पहचान जाकिर उर्फ शैफ पुत्र स्व. रफीक कुरैशी, निवासी कुरैशी टोला माहुल, थाना अहरौला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध गोतस्करी, हत्या व गैंगस्टर समेत कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। फरार अभियुक्त का नाम दिलशाद उर्फ लालू बताया गया है।
घायल अभियुक्त को इलाज के लिए पहले सीएचसी फूलपुर और बाद में सदर अस्पताल आजमगढ़ रेफर किया गया। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है।
मौके से एक अवैध तमंचा, कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की मोटर साइकिल बरामद की हुई। इस संबंध में थाना अहरौला पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *