कप्तानगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कोयलसा ब्लॉक क्षेत्र के मोंलानापुर नत्थनपट्टी बाजार तिराहे पर लगी हाई मास्ट विद्युत लाइट पिछले कई महीनों से पूरी तरह से खराब पड़ी हुई है। रात होते ही पूरा बाजार और आसपास का क्षेत्र घने अंधेरे में डूब जाता है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अंधेरा बढ़ने से असामाजिक तत्वों की सक्रियता का भी खतरा बढ़ जाता है, लेकिन आश्चर्य की बात ये है कि इस गंभीर समस्या पर अब तक संबंधित विभाग की नजर नहीं पड़ी।
गांव निवासी दिवाकर मौर्य ने गांव की इस प्रमुख समस्या को देखते हुए एक अगस्त को मुख्य विकास अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर हाई मास्ट लाइट की मरम्मत कराने या यदि लाइट पूरी तरह खराब हो चुकी है तो उसे बदलवाने की मांग की थी। लेकिन कई महीनों के बाद भी न तो तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और न ही किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई की गई। इससे ग्रामीणों में नाराजगी और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि बाजार की यह लाइट अब सिर्फ एक शोपीस बनकर रह गई है। रात में लोग टॉर्च और मोबाइल की रोशनी पर निर्भर हैं। कई बार राहगीर ठोकर लगने से चोटिल भी हो चुके हैं। दुकानदारों का कहना है कि अंधेरे के कारण उनकी बिक्री पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो ग्रामीण सामूहिक रूप से उच्च अधिकारियों से शिकायत करने और आंदोलन की राह अपनाने को विवश होंगे।
रिपोर्ट-विजय कुमार