पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। बिलरियागंज क्षेत्र अंतर्गत स्टेट बैंक के बगल में संचालित एक अवैध सोनोग्राफी सेंटर के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सीज़ कर दिया है। यह कार्रवाई प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई।
शिकायत में उल्लेख था कि उक्त सेंटर पर न तो कोई पंजीकृत चिकित्सक कार्यरत था और न ही सोनोग्राफी मशीन के संचालन हेतु कोई वैध लाइसेंस उपलब्ध था। साथ ही, सेंटर द्वारा गलत एवं भ्रामक रिपोर्ट जारी किए जाने की बात भी सामने आई, जिससे आम जनमानस के जीवन एवं स्वास्थ्य पर गंभीर खतरे की आशंका व्यक्त की गई।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.एनआर वर्मा के निर्देश पर डिप्टी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। जांच के दौरान सेंटर के पास आवश्यक पंजीकरण, पीसीपीएनडीटी अधिनियम के अंतर्गत अनिवार्य अभिलेख, वैध लाइसेंस तथा अधिकृत चिकित्सक से संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाया गया। निरीक्षण के समय सेंटर का संचालक भी मौके पर उपस्थित नहीं था।
इन तथ्यों के आधार पर जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित सोनोग्राफी सेंटर को सीज़ कर दिया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध, अपंजीकृत एवं गैर-मानक स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-बबलू राय