पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सीएमओ डा.एनआर वर्मा ने बताया कि जनपद में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में काम कर रहा है। सभी सीएचसी, पीएचसी को ओपीडी में सर्दी, खांसी, बुखार तथा सांस लेने में मुश्किल वाले मरीजों की विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि फ्लू जैसे लक्षण (जैसे बुखार, खांसी, गले में दर्द) वाले मरीजों, गंभीर हालत वाले मरीजों तथा श्वसन संक्रमण वाले मरीजों की तुरंत पहचान कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। गंभीर मरीजों के रेफरल के लिए सभी चिकित्सालयों को तैयार रहने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। विभाग द्वारा दवाओं की उपलब्धता, हीटिंग व्यवस्था और गरम पेय जल की निरंतर समीक्षा की जा रही है। डा. वर्मा ने बताया कि आशा व एएनएम कार्यकर्ता समुदाय में शीतलहर से बचाव के सरल संदेश दे रहे हैं। नोडल जिला सर्विलांस अधिकारी डा. अरविंद चौधरी ने बताया कि फ्लू जैसे लक्षण और गंभीर सांस संबंधी समस्या वाले मरीजों की रिपोर्टिंग को और मज़बूत किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तुरंत उपचार मिल सके।
रिपोर्ट-बबलू राय