पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जिलाधिकारी के निर्देश पर एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा के आदेशानुसार जनपद में अवैध रूप से संचालित झोलाछाप क्लीनिकों एवं अनधिकृत स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध सघन अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में जीयनपुर क्षेत्र के लाटघाट में एक संदिग्ध क्लीनिक में कैजुअलिटी (मृत्यु) की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई की। डिप्टी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आलेन्द कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के साथ मऊ रोड स्थित मोचीपुर (लाटघाट) में पुलिस चौकी के सामने संचालित एक अवैध क्लीनिक पर औचक छापेमारी की। छापेमारी के दौरान क्लीनिक संचालक मौके से शटर गिराकर फरार हो गया। जांच में सामने आया कि उक्त क्लीनिक का कोई वैध पंजीकरण नहीं था और इसे पूरी तरह अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। स्थानीय स्तर पर इसे ‘शारदा क्लीनिक’ के नाम से जाना जा रहा था, परंतु इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं पाई गई। मकान मालिक की उपस्थिति में अवैध क्लीनिक को सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध रूप से संचालित किसी भी क्लीनिक या अस्पताल को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
रिपोर्ट-बबलू राय