लटकता विद्युत खंभा दुर्घटना को दे रहा दावत

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय ब्लाक क्षेत्र के सब स्टेशन गोपालगंज से संचालित 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन इन दिनों गंभीर खतरे का कारण बनी हुई है। बनकट ग्राम पंचायत और कोठरा ग्राम पंचायत के पास खेतों में लगे कई बिजली के खंभे आधे से अधिक झुक गए हैं, जिसके चलते हाईटेंशन तार भी नीचे की ओर लटक रहे हैं। स्थिति बेहद चिंताजनक है, क्योंकि इन खेतों में इस समय गेहूं की फसल पूरी तरह तैयार खड़ी है। ऐसे में जरा सी चूक या किसी प्रकार की तकनीकी खराबी एक बड़े हादसे का रूप ले सकती है, जिससे कई बीघा फसल जलकर नष्ट होने का खतरा बना हुआ है।
गौरतलब है कि इसी लाइन के माध्यम से कोठरा सहित आसपास के कई गांवों में विद्युत आपूर्ति की जाती है। बावजूद इसके, जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द लटकते खंभों और तारों को दुरुस्त कराया जाए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *