आजमगढ़। बरदह थाना अंतर्गत ग्राम सैयद बहाउद्दीनपुर में गैस सिलेंडर के रिसाव के चलते आग लग गयी। आगलगी की घटना में आधा दर्जन जख्मी हो गये जिसमें दो की हालत गंभीर बतायी जा रही है। घर में रखा लाखों का सामान भी जल कर नष्ट हो गया।
गांव निवासी हनीफ पुत्र लोधी के घर पर सुबह चाय बनाने के लिए गैस सिलेंडर को खोला गया। गैस सिलेंडर के रिसाव के चलते माचिस जलाते ही पूरे घर में आग लग गई जिसमें लाखों का माल जलकर खाक हो गया। 6 लोग गंभीर रूप से झुलस गए जिनमें दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। ग्राम प्रधान आलोक राजभर ने बताया कि आग लगने के चलते पीड़िता का काफी नुकसान हुआ है। घायलों का उपचार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज पर कराया गया स्थिति को गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी पहुंच चुके हैं स्थिति का आकलन और आग लगने के कारणों पर विचार किया जा रहा है। उप जिलाधिकारी मार्टिनगंज सतीश चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित को यथा अनुमन्य सहायता धनराशि सरकार से उपलब्ध कराने हेतु रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी तथा अनुमन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।