फूलपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के खानपुर बेलमा गांव में शनिवार की शाम बिजली के ट्रांसफार्मर पर अवैध रूप से तार जोड़ने का विरोध करना एक दंपती को भारी पड़ गया। गांव के दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर पति-पत्नी को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं।
गांव निवासी राशी उर्फ कंचन ने उपजिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे जब बिजली कटी हुई थी, तब गांव के ही कुछ लोग जबरन ट्रांसफार्मर पर तार जोड़ रहे थे। जब कंचन और उनके पति ने इसका विरोध किया, तो आरोपित भड़क गए। आरोप है कि नशे में धुत दबंगों ने गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए पति को भी लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया।
पीड़िता का कहना है कि हमलावर दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिससे पूरा परिवार सहमा हुआ है। महिला का आरोप है कि घटना के बाद जब वह शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची, तो पुलिस ने दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उल्टा उसके पति को ही थाने में बैठा लिया। न्याय की गुहार लगाते हुए पीड़िता ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की है।
इस संबंध में फूलपुर थाना प्रभारी सच्चिदानंद यादव ने बताया कि विपक्षी एसडीम से फोन करवाया था। एसडीएम के आदेश पर मामले की जांच की गई है। विपक्षी की ओर से छेड़खानी का आरोप आरोप लगाया गया था जो पूरी तरह निराधार पाया गया है। विवाद ट्रांसफार्मर में तार जोड़ने को लेकर ही हुआ था। पुलिस मामले की गहन जांच की कर रही है और जल्द ही दोषियों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट-पप्पू सिंह/मुन्ना पाण्डेय