निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया))। गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब निजामाबाद में आयोजित तीन दिवसीय गुरुमत समागम में शुक्रवार को श्री अखण्ड साहिब की शुरुआत हुई। कस्बे के इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे में समागम में शामिल होने के लिए सिख श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है। शुक्रवार को सुबह 9 बजे गुरुद्वारा में श्री अखण्ड साहिब का पाठ मुख्यग्रंथी बाबा सतनाम सिंह द्वारा शुरू किया गया। यह पाठ रविवार को सुबह समाप्त होगा। इसी दिन सालाना जोड़ मेला आयोजित है।
शनिवार को दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक नगर कीर्तन एवं शस्त्र कला प्रदर्शन होगा। यह शास्त्र प्रदर्शन संत सिपाही रंजीत अखाड़ा गुरु का ताल आगरा द्वारा किया जायेगा। जो गुरुद्वारा से निकल कर नगर भ्रमण कर गुरद्वारे पर आकर समाप्त होगा। शुक्रवार को गुरुद्वारे में संगतों के आने का क्रम जारी रहा। देर शाम गुरुद्वारे में गुरु का ताल आगरा के संत बाबा प्रीतम सिंह अपनी संगत के साथ पहुंचे। जहां मुख्यग्रंथी बाबा सतनाम सिंह व सेवादार जगदीश सिंह सलूजा द्वारा बाबा का स्वागत किया गया। गुरुद्वारे में राजविंदर सिंह, महेंद्र सिंह, तीर्थ सिंह, हरदीप कौर जालंधर, रंजीत सिंह के नेतृत्व में सिख जत्थे निजामाबाद में पहुंच चुके थे। शुक्रवार को गुरुद्वारे में दिनभर भारी भीड़ रही। गरुद्वारे में श्रद्धालु गुरुग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेकते देखे गये।
रिपोर्ट-वीरेन्द्र नाथ मिश्र