अभिभावक महासंघ ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। उत्तर प्रदेश अभिभावक महासंघ आजमगढ़ के महासचिव गोविन्द दूबे की अध्यक्षता में शहर में अनायास हो रही गाड़ियों की चालान की समस्या को लेकर एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
महासचिव गोविन्द दूबे ने कहा कि शहर में उचित पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण प्रतिदिन हजारों की संख्या में आने वाले ग्रामीण जब वाहन कहीं खड़ा करते हैं और अपने किसी कार्य, दवा अस्पताल व कृषि सम्बन्धित कार्य निपटाकर घर पहुंचते है तब तक सिस्टम द्वारा उनकी जेबे काटी जा चुकी होती है। इसी तरह शहरवासी जब सब्जी व अन्य जरूरी काम के लिए अपना घर छोड़ कर बाजार आते है, तो उनके साथ भी यही हादसा होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार आम जनमानस की आह लेकर खजाने को भरने से रामराज्य कत्तई नहीं आ सकता।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नगर में किसी प्रकार की पार्किंग व्यवस्था नहीं की गयी है। ऐसी दशा में जब तक पार्किंग की व्यवस्था नहीं हो जाती है तब तक इस प्रकार की अवैध ई-वसूली (यातायात) को रोका जाय। अन्यथा किसी भी समय आम जनमानस रोड पर उतरने के लिए बाध्य होगा, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन व शासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में अरूण कुमार चौरसिया, अजय कुमार राय, आलोक यादव गोरख सिंह, अशोक कुमार पाण्डेय, आलोक पाठक, लोकनाथ सिंह, जगपाल चौरसिया, युधिष्ठिर दूबे, रविकान्त राय, नीरज दूबे, अवध मिश्रा, सुबाष यादव राकेश मौर्य, गणेश पाठक, आदि लोग शामिल हैं।
रिपोर्ट-ज्ञानेन्द्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *