पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद के परिवहन निगम विभाग में बहुत जल्द ही 50सों की संख्या में प्रदेश सरकार द्वारा आजमगढ़ मंडल में संचालित होने के लिए इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएगी जिसका संचालन मुख्यालय से 100 से 120 किलोमीटर दूरी तक का होगा। उक्त आशय की जानकारी परिवहन निगम के रीजनल मैनेजर मनोज कुमार बाजपेई ने दी है।
उन्होंने बताया कि इसके लिए डॉक्टर अंबेडकर डिपो की कार्यशाला में चार्जिंग पॉइंट की विशेष व्यवस्था बनाई जा रही है जिसके लिए हमें यूपीपीसीएल से 2 एमबी का कनेक्शन लेना होगा जिससे इलेक्ट्रिक बसों की चार्जिंग व्यवस्था कंप्लीट होगी। इसके लिए निजी बस संचालकों को भी आमंत्रण दिया गया है कि वह अपनी इलेक्ट्रिक बस विभाग से अटैच करके चलवा सकते हैं। आजमगढ़ परिक्षेत्र के तहत सात डिपो डॉक्टर अंबेडकर डिपो, आजमगढ़ डिपो, दोहरीघाट डिपो, बेल्थरा डिपो, बलिया डिपो, मऊ डिपो, तथा शाहगंज डिपो का संचालन होता है। कुल 572 बसें हमारे परिक्षेत्र से विभिन्न मार्गों पर चलती हैं। जिसमें 467 बसें निगम की हैं और 105 बसें अनुबंधित हैं। आने वाली 50 इलेक्ट्रिक बसों का सफर यात्रियों के लिए कुछ अलग ही अनुभूति महसूस करायेगी। इन गाड़ियों में कोई शोर शराबा नहीं है तथा यह पर्यावरण के अनुकूल है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के बाद ज्यादातर उम्मीद है कि डीजल बसों का संचालन काफी कम हो जाएगा और यातायात भी सुरक्षित रहेगा।
रिपोर्ट-बबलू राय