आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में ग्रैंडपेरेंट्स डे का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय के संरक्षक ब्रह्मदेव सिंह, प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह, अरविंद कुमार सिंह तथा उपस्थित दादा-दादी सहित सभी ग्रैंडपेरेंट्स द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस सामूहिक दीप प्रज्वलन ने पूरे वातावरण में भावनात्मक और सांस्कृतिक ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम में कक्षा 6 के बच्चों द्वारा बागवान गीत, बिल्डिंग निर्माण खेल, म्यूजिकल चेयर, रंग पहचानकर स्टोन इकट्ठा करने का खेल, आकर्षक स्किट, केजीएस के नन्हे बच्चों का नृत्य तथा ग्रैंडपेरेंट्स का उत्साहपूर्ण रैम्प वॉक विशेष आकर्षण रहे। बच्चों की प्रस्तुतियाँ देखकर कई दादा-दादियाँ भाव विभोर हो उठे और उनकी आँखों से खुशी के आँसू छलक पड़े। कार्यक्रम से प्रसन्न होकर कई अभिभावकों ने मंच पर आकर इस सुंदर आयोजन की खुले दिल से प्रशंसा भी की। इस अवसर पर दादा-दादी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि दादा-दादी बच्चों के जीवन के प्रथम शिक्षक, संस्कारदाता और मार्गदर्शक होते हैं। उनका अनुभव, स्नेह और आशीर्वाद बच्चों के जीवन का सबसे मजबूत आधार है। वे परिवार की जड़ों को मजबूत करते हैं और बच्चों में प्रेम, अनुशासन एवं संस्कारों का संचार करते हैं।
रिपोर्ट-सुबास लाल