अखिल भारतीय मजदूर किसान सभा और संयुक्त किसान मोर्चा रहेंगे प्रमुख चेहरा
आजमगढ़। खिरिया बाग आंदोलन के 100 दिन पूरे होने पर 30 जनवरी को जुलूस और सभा का आयोजन किया जाएगा। अखिल भारतीय मजदूर किसान सभा और संयुक्त किसान मोर्चा के नेता डॉ. आशीष मित्तल सभा को संबोधित करेंगे। जमीन-मकान बचाने के किसानों-मजदूरों का आंदोलन 100 दिन पूरे करके पूर्वांचल में संघर्ष का इतिहास रच रहा है। किसानों-मजदूरों की प्रशासन से अब तक वार्ता बेनतीजा रही है। आंदोलनकारियों का कहना है कि आजमगढ़ के लोगों ने कभी भी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट की मांग नहीं कि जबरन विस्तारीकरण के नाम पर पूजीपतियों के लिए जमीन-मकान छीनने का षडयंत्र किया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का मास्टर प्लान रदद् किया जाए
धरनारत किसानों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट विस्तारीकरण परियोजना और किसी अन्य परियोजना के लिए जमीन-मकान नहीं देंगे। अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का मास्टर प्लान रदद् किया जाए। 21 और 22 जनवरी को संयुक्त किसान मोर्चा पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसान नेता का खिरिया बाग में जुटान होगा। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर किसान परेड का आयोजन होगा। खिरिया बाग से अम्बेडकर प्रतिमा, कलेक्ट्रेट आजमगढ़ तक होने वाली किसान परेड में सूबे के किसान नेताओं को आमंत्रित किया गया है। 99 वें दिन धरने को किसान सभा के नेता सुरेश गुप्ता, हरियाणा-पंजाब किसान आंदोलन के नेता राजकुमार भारत, नरोत्तम यादव, राजेश आजाद, दुखहरन राम, राजीव यादव, गनेश भारतीय, नन्दलाल यादव, नीलम, किस्मती ने संबोधित किया। धरने की अध्यक्षता फूलमती और संचालन सर्वेश यादव ने किया।