सरदार पटेल इंटर स्टेट वॉलीबॉल टूर्नामेंट का हुआ भव्य शुभारंभ

शेयर करे

पटवध आज़मगढ़ (सृष्टिमीडिया)। सगड़ी तहसील अंतर्गत शनिवार को पूर्वांचल एवं ग्रामीण भारत में युवाओं के कौशल विकास, खेल प्रतिभा संवर्धन और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित सरदार पटेल इंटर स्टेट वॉलीबॉल टूर्नामेंट-2026 का शनिवार को केशव विद्यापीठ इंटर कॉलेज, मऊकुतुबपुर (सगड़ी) में भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना से सराबोर रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. ओंकार राय ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को एक पेशेवर मंच प्रदान करते हैं, जिससे खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने बताया कि संस्था खेल, नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्य अतिथि मो. उजाले (एडिटोरियल डायरेक्टर, टेक ऑब्जर्वर मैगज़ीन) ने कहा कि खेल समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उद्घाटन मैच देवरिया हॉस्टल और मुजफ्फरनगर की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार खेल भावना दिखाई। आज़मगढ़ और नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे के बीच हुआ, जिसमें तकनीकी और तेज़ खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।
तीसरा मुकाबला पटना और भारत लोकोमोटिव वर्क्स की टीमों के बीच खेला गया, जहां खिलाड़ियों ने कड़े संघर्ष के साथ दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
रिपोर्ट-बबलू राय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *