ठेकमा आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। गांधी स्मारक त्रिवेणी पीजी कालेज, बरदह में आयोजित पांच दिवसीय रोवर्स-रेंजर्स प्रशिक्षण शिविर का समापन शुक्रवार को समारोह पूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन रोवर्स रेंजर्स प्रभारी डॉ. श्याम नारायण तिवारी एवं रेंजर प्रभारी डॉ. अमरनाथ सिंह यादव के निर्देशन में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. संध्या राय प्राचार्य, राम मनोहर लोहिया महाविद्यालय, बेलवाना तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पत्रकार रवि दीक्षित डॉ. अनीश मौर्य मौजूद रहे। अध्यक्षता कालेज के प्रोफेसर डॉ. अजीत प्रसाद राय ने की।
मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. सुनील मिश्रा, डॉ. अजय श्रीवास्तव एवं डॉ. अनुपम यादव ने अपने विचार रखे। मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं कार्यक्रम अध्यक्ष द्वारा शिविर का निरीक्षण किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं द्वारा प्रशिक्षण के दौरान बनाए गए विभिन्न मॉडल और प्रदर्शन प्रस्तुत किए गए। समापन समारोह में छात्राओं द्वारा दहेज उत्पीड़न एवं हत्या जैसे सामाजिक मुद्दे पर आधारित एक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। इसके अलावा स्वागत गीत सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
मुख्य अतिथि डॉ. संध्या राय ने कहा कि रोवर्स-रेंजर्स जैसे शिविर युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। इस प्रकार के प्रशिक्षण से छात्र-छात्राएं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं। डॉ. अजीत प्रसाद राय ने कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा सफल आयोजन के लिए समस्त टीम को बधाई दी गई।
रिपोर्ट-एमके राय