महाराजगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के बुढ़ावे हिसामुद्दीनपुर गांव में ग्राम प्रधान द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य में शिकायतकर्ता ने जहां अनियमितता का आरोप लगाया है वहीं स्थानीय पुलिस पर भी सवाल खड़ा किया है।
बुढ़ावे हिसामुद्दीनपुर में ग्राम प्रधान द्वारा गांव के जल निकासी को लेकर नाली का निर्माण कराया जा रहा है जिसको लेकर गांव निवासी महेंद्र प्रताप ने आरोप लगाया कि गांव में किए जा रहे नाली निर्माण में अनियमितता बरती जा रही है। जब इसकी शिकायत की गई तो ग्राम प्रधान द्वारा पुलिस बुला कर मामले को दबाने के प्रयास में शिकायतकर्ता व उसके पिता को थाने भिजवा दिया गया। उक्त प्रकरण के संदर्भ में थानाध्यक्ष कमल कांत वर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता और उसके परिवार वालों द्वारा जो सवाल पुलिस पर खड़े किए जा रहे हैं वह निराधार है। उन्होंने बताया कि शिकायत के तौर पर निर्माणाधीन नाली को रोकने का प्रकरण पुलिस के पास आया था जिसका संज्ञान लेते हुए फ़ौरन सिपाही को मौके पर भेजा गया जहां नाली का निर्माण खड़ंजा के किनारे हो रहा था। परंतु शिकायतकर्ता अपने घर के किनारे से होकर जाने वाली 10 से 15 फीट की नाली के निर्माण को होने से रोक रहा था जिसको लेकर वहां शांति व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसके मद्देनज़र उसे थाने लाया गया था। थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिए पुलिस जिम्मेदार है और जो उचित और विधिक कार्यवाही हो सकती है पुलिस वह करती है। रही बात निर्माण में अनियमितता की तो यह उनसे संबंधित विभाग का मामला नहीं है।
रिपोर्ट-राजनरायन मिश्रा