लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज देवगांव ने राज्य सरकार के तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा लागू स्टेट इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एसआईआरएफ) में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। कॉलेज ने उत्तर प्रदेश के सभी शासकीय इंजीनियरिंग संस्थानों में द्वितीय स्थान तथा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों (आरईसी) की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
एसआईआरएफ रैंकिंग में संस्थानों का मूल्यांकन संकाय गुणवत्ता, आधारभूत संरचना, शोध एवं प्रकाशन, स्टार्ट-अप एवं नवाचार, प्लेसमेंट, प्रयोगशाला उत्पादकता, परीक्षा सुधार और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों जैसे मानकों पर किया गया। रैंकिंग सूची में कमला नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी सुल्तानपुर 234 अंकों के साथ प्रथम, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज देवगांव आजमगढ़ 206 अंकों के साथ द्वितीय तथा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज कन्नौज 202 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा।
संस्थान के निदेशक प्रो. बीके त्रिपाठी ने इसे संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। कुलसचिव डॉ. अम्बरीष सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि प्रशासनिक पारदर्शिता और अकादमिक अनुशासन का प्रमाण है। एसआईआरएफ समन्वयक डॉ. अनीश कुमार के अनुसार विभिन्न प्रमुख मापदंडों पर संस्थान का प्रदर्शन सराहनीय रहा। इस उपलब्धि पर कॉलेज परिसर में हर्ष का माहौल है।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद