माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय नगर पंचायत माहुल में शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज मुस्लिम बंधुओं द्वारा विभिन्न मस्जिदों में अकीदत के साथ अता की गई। मिश्रित आबादी होने के कारण नमाज के वक्त भारी संख्या में पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा।
माहुल कस्बे में सात मस्जिदें है जिसमें यहां के पठान मोहल्ले के डेवढ़ी में एक मस्जिद है। होली पर्व पर यहां के शिवाजी मुख्य चौक स्थित मस्जिद पर अराजक तत्वों द्वारा रंग और गंदा कपड़ा फेंके जाने से तनाव उत्पन्न हो गया था। पुलिस की सक्रियता से यहां दो पक्षों में बवाल होने से बच गया था। शुक्रवार को अलविदा जुमा की नमाज के वक्त थानाध्यक्ष अहरौला अमित मिश्र, चौकी प्रभारी माहुल यश सिंह पटेल, सब इंस्पेक्टर श्याम कुमार दुबे पुलिस बल के साथ चक्रमण करते रहे और कस्बे की हर मस्जिद के सामने नमाज के समय पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा।
मुबारकपुर प्रतिनिधि के अनुसार ग्रामीण अंचलों सहित कस्बा के लगभग 86 स्थानों की मस्ज़िदों पर अलविदाई जुम्मे की नमाज पूरे अकीदत एतराम के साथ संपन्न हुई। नमाज को सकुशल संपन्न कराने और भीड़ भाड़ वाले स्थान पर सुरक्षा के दृष्टि से थानाध्यक्ष शशि मौली पांडेय, चौकी प्रभारी मुरारी मिश्रा, वरिष्ठ दरोगा वीरेंद्र कुमार सिंह, कमल कांत यादव, चौकी इंचार्ज सठियांव नीरज शुक्ला आदि पुलिसकर्मी अपने-अपने क्षेत्र के निर्धारित स्थानों पर मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करते देखे गए। रोजेदारों ने देश में अमन एवं शांति सहित विश्व कल्याण के लिए ईश्वर से प्रार्थनाएं की। मुख्य रूप से अरबी यूनिवर्सिटी, राजा शाह मुबारक आदि स्थानों पर अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई।
रिपोर्ट-श्यामसिंह/मनीष श्रीवास्तव