विश्व कल्याण के लिए अवतरित होते हैं भगवान

शेयर करे

मेंहनगर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के गोपालपुर गांव में चल रही सात दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिन कथा वाचक श्याम मुरारी महाराज जी ने श्रोताओं को श्रीकृष्ण अवतार की कथा सुनायी। उन्होंने बताया कि मथुरा के राजा कंस द्वारा अपनी बहन देवकी और वासुदेव को बंदी गृह में डालने और आकाश वाणी होने पर कि देवकी की आठवीं संतान तुम्हारे मृत्यु का कारण बनेगी। इसे लेकर कंस ने बहन देवकी और उसके पति को तरह-तरह की यातनाएं दी। लेकिन ईश्वर में आस्था और विश्वास रखने वाले देवकी के आठवें गर्भ से परमपिता परमेश्वर श्रीकृष्ण जी अवतरित होते हैं। बंदीगृह का ताला अपने आप खुल जाता है। बासुदेव आधी रात को कान्हा को बाबा नंद जी घर पंहुचा देते है, जहां मां यशोदा कान्हा का लालन-पालन करती हैं। बाल लीलाओं के साथ कृष्ण को मारने के लिए कंस अघासुर, बकासुर, पूतना जैसी मायारुपी राक्षसों को भेजता है। साथ ही अपनी प्रजा पर तरह-तरह से यातनाएं और दुख पंहुचाता है। अंत में भगवान कृष्ण और बलदाऊ मथुरा पंहुच कर कंस का वध कर देते हैं और मथुरा सहित विश्व का कल्याण करते हैं। कथा व्यास श्याम मुरारी महाराज ने श्रोताओं को भगवान के निकटता प्राप्त करने के लिए भगवत भजन और संकीर्तन को माध्यम बताया। इस मौके पर जितेन्द्र सिंह, अरविंद सिंह गुड्डू, सत्यवान सिंह, पप्पू गिरी, शनि, दीपक सिंह, सत्या सिंह जोखू आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-धीरज तिवारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *