अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। राजकीय महिला महाविद्यालय समदी, अहरौला में उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित मिशन शक्ति पंचम फेज के द्वितीय चरण के अंतर्गत “आर्थिक स्वावलम्बन” विषय पर लघु वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भरता, उद्यमिता और स्वरोजगार के प्रति जागरूक करना रहा।
अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. महेन्द्र प्रकाश ने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं का आर्थिक रूप से सशक्त होना समाज की प्रगति के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनना है। मिशन शक्ति प्रभारी डॉ. कंचन यादव ने छात्राओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं, लघु उद्योगों तथा डिजिटल कौशल के जरिए आय सृजन के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्वावलम्बन से महिलाओं के अधिकार और उनकी सामाजिक भागीदारी दोनों मजबूत होती हैं। छात्राओं ने अपने प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. प्राणनाथ सिंह यादव, डॉ. प्रज्ञानन्द प्रजापति, डॉ. अनिल कुमार तिवारी, डॉ. राकेश कुमार यादव, वरिष्ठ कार्यालय सहायक अदिति सिंह चौहान आदि उपस्थित रहीं।
रिपोर्ट-संतोष चौबे