कप्तानगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
पासीपुर स्थित नेशनल हाईवे 233 के पास कंपोजिट विद्यालय पासीपुर रसूलपुर स्कूल की छुट्टी के बाद आरुषि (13) पुत्री अरुण राम निवासी लहरपार थाना कप्तानगंज तथा संजना (14) पुत्री रमेश राजभर निवासी पासीपुर थाना कप्तानगंज स्कूल से घर की ओर जा रही थीं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जब दोनों छात्राएं पासीपुर पुलिया लहरपार के पास पहुंचीं, तभी तेज रफ्तार सफेद रंग की बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आरुषि गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी और कुछ ही देर में उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजना गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष जय प्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृत छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया, जबकि घायल छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया । बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और वाहन की तलाश की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृत छात्रा के घर में मातम पसरा हुआ है। वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
रिपोर्ट-विजय कुमार