कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर पिलाने से युवती की मौत

शेयर करे

अहरौला आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना क्षेत्र के फुलवरिया पारा गांव में एक 18 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पारा गांव निवासी सुरेश गौड़ की पुत्री सरिता 18 वर्ष के रूप में हुई है, जो बीए की छात्रा बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार होली की रात करीब एक बजे सरिता अपने कथित प्रेमी दिलीप पुत्र जियालाल 32 वर्ष के साथ बाइक से घर से निकली थी। बताया जा रहा है कि भोर करीब 3 बजे दिलीप शराब के नशे में सरिता को बाइक से उसके घर छोड़ने जा रहा था। उस समय सरिता की हालत ठीक नहीं थी और वह अपने पैरों पर ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रही थी। इसी दौरान गांव का ही अंकुल पुत्र रामफेर रास्ते में अपने दरवाजे पर सोया हुआ था। उसने दोनों को लड़खड़ाते हुए देखा तो मदद करते हुए बाइक पर बैठाकर सरिता के घर के पास तक छोड़ दिया और वापस चला गया। आरोप है कि इसके बाद दिलीप सरिता को अचेता अवस्था में घर के पास छोड़कर बाइक लेकर फरार हो गया।
उधर जब परिवार के लोगों ने सरिता को घर में नहीं पाया तो तलाश शुरू की। घर से लगभग 10 कदम की दूरी पर सरिता अचेत अवस्था में मिली। परिजन उसे उठाकर घर ले आए और स्थानीय डाक्टर को बुलाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की मां का आरोप है कि दिलीप पुत्र जियालाल ने कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर उनकी बेटी को पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार वर्ष 2023 में भी उक्त युवक के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा अहरौला थाना में दर्ज कराया गया था, जिसमें जल्द ही फैसला आने वाला था। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते युवक ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाकर जहर पिला दिया।
घटना के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए एक युवक को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं और जांच जारी है।
थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
रिपोर्ट-संतोष चौबे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *