‘गीत नया गाना होगा’ काव्य संग्रह का हुआ लोकार्पण

शेयर करे

आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में विगत 15 वर्षों से कार्यरत साहित्यिक एवं शैक्षिक संस्थान, निधि शैक्षिक एवं शोध संस्थान द्वारा प्रो.गीता सिंह ‘शिक्षक श्री’ अध्यक्ष स्नातकोत्तर हिन्दी विभाग डीएवी पीजी कॉलेज की अध्यक्षता में रविवार को नेहरू हाल सभागार में कवि सम्मेलन एवं पुस्तक लोकार्पण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के कवि जय हिंद सिंह ‘हिंद’ के जन्म दिन पर उनकी नव प्रकाशित द्वितीय काव्य संग्रह ’गीत नया गाना होगा’ का लोकार्पण किया गया।
प्रो. कमलेश वर्मा अध्यक्ष स्नातकोत्तर हिन्दी विभाग राजकीय महिला महाविद्यालय सेवापुरी वाराणसी ने कहा कि जय हिंद सिंह ‘हिंद’ की रचनाएं हिंदी साहित्य के लिए नए विचार लेकर आई है। इनकी कविताएं साहित्य के नए द्वार खोलती हैं। ये गांव, किसान, समाज, राजनीति और जन समाज से जुड़ी रचनाएं लिख रहें हैं। अच्छी रचनाओं को मंच के माध्यम से बहुत सुरीले तरह से वाचन भी करते हैं।
प्रो.गीता सिंह ने जय हिंद सिंह हिंद को उनके जन्म दिन की बधाई के साथ नव प्रकाशित पुस्तक गीत नया गाना होगा कि शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि इस पुस्तक की जब मैं भूमिका लिख रही थी तब इस पुस्तक को मुझे सांगोपांग पढ़ने का अवसर मिला। मै इन्हें एक योग्य साहित्यकार की श्रेणी में रखती हूं। इनकी इस पुस्तक में कुल 74 कविताएं प्रकाशित हैं। सभी कविताएं एक से बढ़कर एक हैं। कवि मन गांव से प्रेम रखता है।
कार्यक्रम को प्रो. अखिलेश चन्द्र, राम वचन यादव, जितेंद्र नाथ सिंह, घनश्याम सिंह पटेल, डॉ.जगदम्बा दुबे, अवनीश राय, डॉ.प्रवेश सिंह, देवेंद्र तिवारी देव, डॉ.एचएन पटेल, प्रो.कृष्णा सिंह ने भी संबोधित किया।
रिपोर्ट-दीपू खरवार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *