निजामाबाद आज़मगढ (सृष्टिमीडिया)। निजामाबाद गुरुद्वारा में तीन दिवसीय जोड़ मेला के आज दूसरे दिन शनिवार को सुबह से शाम पांच बजे तक ऐतिहासिक गुरुद्वारा चरण पादुका साहिब में सिख रणबांकुरों ने हैरतअंगेज कारनामे दिखाये और दूर दराज से आई हुई संगत ने मत्था टेका। अटूट लंगर में उपस्थित लोगों ने प्रसाद छके।
गुरुमत समागम में दूसरे दिन शनिवार को रणबांकुरों ने हैरतअंगेज कारनामे दिखाये। वीर रस की धुनों पर तलवारबाजी देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गये। गुरुद्वारा संत सिपाही रंजीत अखाड़ा गुरु का ताल आगरा के नेतृत्व में शस्त्र कला का वह प्रदर्शन किया कि देखने वालों के रोंगटे खड़े हो गये। डीजे में बज रही वीर रस की धुनों के बीच ढाल व तलवार की टकराती आवाजों से लोग थर्रा जा रहे थे। सर, आंख, गर्दन, हाथ आदि जगहों पर रखे केले एवं नारियल को तलवार की धार काट दे रहे थे। आग का गोला, तलवार बाजी, चरखा, लाठी भाजना व तीरंदाजी आदि युद्ध कला का प्रदर्शन देखकर लोग दंग रह गये। जिसे देखने लिए काफी संख्या में लोगों कि भीड़ लगी हुई थी। वहीं विभिन्न प्रान्तों आयी हुई सिख संगतों का आने का क्रम शनिवार को भी जारी रहा। और रातों दिन तीन दिन तक लगातार अटूट लंगर गुरुद्वारा में चल रहा है जिसमें सभी लोग श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। इस अवसर पर गुरु का ताल आगरा के बाबा प्रीतम सिंह, जत्थेदार बाबा सतनाम सिंह, ग्रंथी जगदीश सिंह, बाबा केवल सिंह, हरिजीत सिंह, गतका मास्टर गुरुनाम सिंह आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र