पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। थाना रौनापार पुलिस ने गो-तस्करी से जुड़े गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगेस्टर एक्ट में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पर विभिन्न थानों में एनडीपीएस, चोरी, आबकारी, आयुध अधिनियम और गो-तस्करी सहित कुल 15 मुकदमें दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2025 को महुला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विवेक सिंह द्वारा गो-तस्करी से संबंधित बरामदगी की फर्द दाखिल की गई थी। इस दौरान पुलिस ने 16 बैल, एक गाय (जिंदा), सात मृत बैल, ट्रक तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया था। इस मामले में थाना रौनापार में गोवंश निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम के तहत अज्ञात ट्रक चालक समेत अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान रामचेत निषाद, मोहम्मद सलीम, सलमान और शमीम सहित चार आरोपियों के नाम सामने आए थे, जिनके खिलाफ विवेचना पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय भेजा जा चुका है। इस प्रकरण में थानाध्यक्ष रौनापार मंतोष सिंह की तहरीर पर 7 मार्च 2026 को गिरोहबंद एवं गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार सुबह भीमवर पुलिया के पास से गैंगेस्टर एक्ट में वांछित आरोपी रामचेत निषाद पुत्र स्व.मोतीलाल निषाद निवासी भोर्रा मकबूलपुर थाना कंधरापुर को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में चालान कर दिया।
रिपोर्ट-बबलू राय