मवेशी की मौत, वीडियो हो रहा वायरल
नई दिल्ली (सृष्टि मीडिया)। सांड़ के टकराने से हाई स्पीड ट्रेन वंदे भारत का अगला हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त गया। अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन शनिवार को मुम्बई-मध्य से गुजरात के गांधीनगर जा रही थी। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके शाम तक ठीक होने की उम्मीद है। अफसरों के अनुसार, ट्रेन सुचारू रूप से चल रही है। इसे जल्द से जल्द ठीक कर लिया जाएगा। घटना सुबह करीब 8:17 बजे बताई जा रही है। बतादें, वंदे भारत के साथ ऐसा तीसरी बार हुआ है जब वह किसी मवेशी से टकराई है।
शाम तक हो जाएगा ठीक
जानकारी के अनुसार, मुंबई के सेंट्रल डिवीजन में वंदे भारत ट्रेन की टक्कर से एक मवेशी से टकरा गई। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने एक बयान में कहा, ट्रेन मुंबई सेंट्रल से गांधीनगर की यात्रा पर जा रही थी। सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना के बाद ट्रेन करीब 15 मिनट तक रुकी रही। ट्रेन को कोई नुकसान नहीं हुआ है, सिवाय फ्रंट कोच यानी ड्राइवर कोच के नोज कॉन कवर का हिस्सा टूट गया है। अधिकारियों ने कहा कि पश्चिम रेलवे ने मुंबई सेंट्रल स्टेशन पर इंजन के टूटे हुए हिस्से को ठीक करने के लिए निर्देशित किया है, जो शाम तक कर लिया जाएगा। जब ट्रेन मुंबई वापस आएगी।
पहले भी हो चुकी हैं दो दुर्घटनाएं
ज्ञात रहे, अक्टूबर के पहले सप्ताह में इसी तरह की दो घटनाएं हुई थीं। इससे पहले भी दोनों मामलों में वंदे भारत एक्सप्रेस के मवेशियों से टकराने की घटना प्रकाश में आई थी। पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि दहानू रोड स्टेशन के बाद रेलवे ट्रैक पर बैरिकेड्स नहीं होने के कारण मवेशी ट्रैक में घुस जाते हैं। रेलवे ट्रैक के निकट के गांवों में पश्चिम रेलवे द्वारा पशुओं को रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पश्चिम रेलवे के अधिकारियों ने कहा कि वह भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सभी कदम उठा रहे हैं।
रिपोर्ट : अमन विश्वकर्मा