मुबारकपुर आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय थाना अंतर्गत चक सिकठी इस्लामपुरा गांव में शुक्रवार की रात दोस्ती के कत्ल की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ही साथी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
उक्त गांव निवासी 21 वर्षीय हस्सान अहमद शुक्रवार देर रात अपने घर के बाहर दोस्त इरफान के साथ बैठा हुआ था। दोनों के बीच बातचीत चल रही थी कि तभी किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि इरफान ने आपा खो दिया और हस्सान पर चाकू से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब हस्सान के पिता नौशाद और अन्य परिजन बाहर दौड़े, तो वहां का मंजर देखकर दंग रह गए। पिता के अनुसार, आरोपी इरफान घायल हस्सान को जमीन पर घसीट रहा था। परिजनों ने आनन-फानन में उसे हमलावर के चंगुल से छुड़ाया और गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर ले गए। हालत नाजुक देखते हुए डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही हस्सान ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
मृतक हस्सान अहमद पेशे से बुनकर था और अपने तीन बहनो और सात भाइयों में पांचवें नंबर पर था। जवान बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुबारकपुर थाना प्रभारी निरीक्षक शशि मौली पाण्डेय ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी इरफान को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
रिपोर्ट-मनीष श्रीवास्तव