लालगंज आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। मंगलवार को नेताजी मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक राय के नेतृत्व में एक निःशुल्क चिकित्सकीय कैंप का आयोजन किया गया जिसमें भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
विधायक बेचई सरोज तथा राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक राय आदि ने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कैंप में सभी प्रकार के रोगों की जांच के उपरांत मुफ्त दवा का वितरण किया गया। इस अवसर पर डा.अभिषेक राय ने बताया कि नेताजी मुलायम सिंह यादव की जयंती पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है और विभिन्न प्रकार की जांच आदि के बाद मुफ्त दवा का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेता जी की जयंती के अवसर पर यह विचार आया कि क्यों न लोगों को मुफ्त में चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ उन्हें दवा का वितरण किया जाए, इसलिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। लालगंज विधायक बेचई सरोज ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव गरीबों, मजलूमों, दलितों, बुनकरों और दुकानदारों आदि की लड़ाई लड़ते रहे इसलिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया ताकि जनता लाभान्वित हो सके। उन्होंने इसके लिए राष्ट्रीय प्रवक्ता अभिषेक राय को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर डॉ.शुभी राय, डॉ.एके मिश्रा, डॉ.रमेश, डॉ.रवि, डॉ.शशिकांत राय, डॉ.श्याम, शत्रुघ्न, सोनू राय, कृष्णकांत यादव, प्रवेश राय, ब्रह्मदेव प्रसाद, विनोद उर्फ टैंपू यादव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-मकसूद अहमद