पटवध आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। जनपद में 6 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद था। कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन कुछ कर्मचारियों की लापरवाही ने प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार द्वारा की गई जांच में सामने आया कि चार सफाईकर्मियों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन ठीक से नहीं किया और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना की। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबित किए गए कर्मचारियों में अजय कुमार सिंह (ग्राम पंचायत लुचुई, विकासखंड अजमतगढ़), राम सुधार (ग्राम पंचायत भीखपट्टी, विकासखंड बिलरियागंज), श्रीमती ललिता (ग्राम पंचायत बलिया कल्यानपुर, विकासखंड बिलरियागंज) तथा नरेश विश्वकर्मा (ग्राम पंचायत नीबी खुर्द, विकासखंड सठियांव) शामिल हैं। सभी को निलंबन के साथ उनके संबंधित विकासखंड मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है।
इस कार्रवाई के बाद जिले में कार्यरत अन्य कर्मचारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है। अधिकारी अब हर स्तर पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही की पुनरावृत्ति न हो सके।
रिपोर्ट-बबलू राय