पूर्व विधायक ने ग्रामीणों से पूछा, किसका-किसका आयुष्मान कार्ड बना है, किसी का हाथ नहीं उठा

शेयर करे

अब्दुलपुरमदारी ग्राम पंचायत में चौपाल में सुनी गईं समस्या

बलिया। नगरा ब्लाक क्षेत्र अन्तर्गत अब्दुलपुरमदारी ग्राम पंचायत में शुक्रवार को ग्राम चौपाल लगाई गई। लोगों ने अधिकारियों को विभिन्न समस्यायें बताईं। इसी के साथ गर्भवती महिलाओं की गोदभराई व बच्चों के अन्नप्राशन की रस्म अदायगी भी हुई। अफसरों ने ग्रामीणों को समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया है।

राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिये गुहार

गांव की बजरंगी व कौशल्या ने नाली निर्माण, ज्ञान्ती, सरिता ने वृद्वास्था पेंशन न मिलने की शिकायत दर्ज करायी। बीडीओ विनय कुमार वर्मा ने ऑनलाइन आवेदन करने के लिये कहा। संतोष कन्नौजिया रास्ता न होने, शशिकला ने नाली निर्माण, मिन्ता देवी ने आवास दिलाने के लिये गुहार लगाई। अधिकतर लोगों ने राशन कार्ड उपलब्ध कराने के लिये गुहार लगाई। क्षेत्रीय एआरओ संजय यादव ने पात्र लोगों को राशनकार्ड बनाने का भरोसा दिया। पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया ने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए अधिकारियों से समस्याओं के समाधान व सरकारी योजनाओं से लोगों को लाभान्वित करने को कहा।

गांव मे चल रहे विकास कार्यों की जानकारी

पूर्व विधायक द्वारा भीड़ से यह पूछे जाने पर कि किसका-किसका आयुष्मान कार्ड बना है। इस पर किसी ने हाथ नहीं उठाया। इस पर विधायक ने आश्चर्य व्यक्त किया। एडीओ पंचायत प्रमोद सिंह ने ग्राम सचिवालय को लेकर जानकारी दी कि स्टीमेट स्वीकृत हो चुका है। शीघ्र ही कार्य शुरु कराया जायेगा। ग्राम प्रधान कुसुमलता ने गांव मे चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर सीडीपीओ विशाल यादव, बीईओ आरपी सिंह, प्रमोद कुमार पांडेय, थानाध्यक्ष भीमपुरा अखिलेश, सचिव राजनाथ यादव मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *