माहुल आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया))। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल स्व.रामनरेश यादव की 9वीं पुण्यतिथि उनके पैतृक आवास सहित विद्यालयों में भी मनायी गयी। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों द्वारा उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गयी। विचार गोष्ठियों में वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला।
शनिवार को आंधीपुर गांव स्थित उनके पैतृक आवास पर रामनरेश यादव की पुण्यतिथि सादगी के साथ मनायी गयी। कार्यक्रम की शुरुआत उनके छोटे भाई डॉ.सुरेश यादव एवं सावित्री देवी ने रामनरेश यादव के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इसके अलावा जनता इण्टर कालेज अम्बरी में प्रधानाचार्य हरेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान छात्रों में कलम का वितरण किया गया। इसके अलावा कंपोजिट विद्यालय अंबारी में प्रधानाध्यापक राजेश यादव के नेतृत्व में, आरोग्य निकेतन अम्बारी में डॉ.सुभाष यादव के नेतृत्व में पुण्यतिथि मनायी गयी।
विचार गोष्ठियों में वक्ताओं ने कहा कि स्व यादव का जन्म फूलपुर तहसील क्षेत्र के आंधीपुर गांव में एक जुलाई 1928 को मुंशी गया प्रसाद यादव के पुत्र के रूप में हुआ था। स्व.यादव सांसद, विधायक के साथ ही 23 जून 1977 से 28 फरवरी 1979 तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इसके बाद 8 सितंबर 2011 से 7 सितंबर 2016 तक मध्यप्रदेश के राज्यपाल रहे। 22 नवंबर 2016 को इलाज के दौरान पीजीआई लखनऊ में उन्होंने अंतिम सांस ली थी।
इस मौके पर हरिबंश यादव, बांकेलाल यादव, परशुराम यादव, रामसकल, शेषनाथ, वीरेंद्र, देवेंद्र, अंगद सिंह, मो कासिफ, देवेश कुमार, रफीउद्दीन, अमरनाथ बिंद, रामचन्दर राव आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-श्यामसिंह