निजामाबाद आजमगढ़ (सृष्टिमीडिया)। स्थानीय तहसील क्षेत्र में शनिवार को खेल अकादमी निजामाबाद के प्रांगण में हमारे देश के संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ.भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए भगत सिंह खेल अकादमी संचालक राष्ट्रीय पहलवान अमरजीत यादव ने कहा कि हमारे देश को सुचारू रूप से नियमबद्ध तरीके से चलाने के लिए डॉ.भीमराव अम्बेडकर ने जो दस्तावेज तैयार किए उसी की देन है कि आज हमारे देश में सभी लोगों को बराबरी का हक और अधिकार की बात होती है।
प्रबंधक अरविंद यादव ने कहा कि डॉ. अम्बेडकर द्वारा देश के लिए दिया गया योगदान चिरस्मरणीय रहेगा। इसे कभी भूला नहीं जा सकता। अमरजीत यादव ने कहा कि अम्बेडकर जी ने अपने देश के समस्त गरीब मजदूर किसान महिला नौजवानों के हक व अधिकार के लिए अपने घर व परिवार की चिंता किए बगैर दिन रात काम करते हुए देश का संविधान लिखा। इसी क्रम में सभी अन्य वक्ताओं ने अपने अपने मत व्यक्त किए। खिलाड़ियों को यह अवगत कराया गया कि हमारे देश का संविधान ही सभी लोगों को अपनी आवाज उठाने की ताकत देता है।
इस अवसर पर हंसराज यादव, चन्द्रदेव यादव, डॉ.आदित्य सिंह, रामप्रवेश, मिथिलेश, चन्द्रशेखर, आर्यन, मनीष, संतोष, जियालाल आदि उपस्थित रहे।
रिपोर्ट-वीरेन्द्रनाथ मिश्र